सोनभद्र की रेप पीड़िता को जांच के लिए करना पड़ा तीन घण्टे इंतज़ार,योगी विधानसभा में स्वास्थ्य केंद्रों के सुधार पर देते रहे भाषण

Attention India
4 Min Read

सोनभद्र:यूपी- विधानसभा सत्र के दौरान योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अखिलेश यादव की सरकार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बन्द पड़े रहते थे। उनकी सरकार में सुधार किए जा रहे हैं। यह तो खबर है लखनऊ की,जहां विधानसभा में रोज सूबे की बाते होती रहती हैं। आपस मे बहसे होती हैं। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप होते हैं। मगर देश-समाज की स्थिति जस की तस बनी रहती है। सोनभद्र से आ रही ख़बर तो यही बताती है। जहां सरकार की नज़र में ‘सब चंगा सी’ है,वहीं एक रेप पीड़िता के परिवार को पहले एफ.आई.आर के लिए दौड़ लगानी पड़ी। किसी तरह जब एफ.आई.आर. हुई भी तो जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए तीन घण्टे तक डॉक्टरों का चक्कर काटना पड़ा।

मामला सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र रेणुका पार गांव का है। जहां बीते 17 सितम्बर को एक नाबालिक ने आठ वर्षीय बच्ची के साथ रेप किया। लोकलाज के भय से पहले तो यह मामला आपस मे चलता रहा,मगर जब बात नही बनी तो परिवारीजन रिपोर्ट लिखवाने ओबरा थाना पहुंचे।परिवारीजन का कहना है कि पुलिस भी रिपोर्ट लिखने से पहले तो आनाकानी करते रहे। किसी तरह हाथ पैर पकड़कर जब रिपोर्ट लिखी भी गयी तो मेडिकल के लिए बच्ची के साथ स्वास्थ्य केंद्र में तीन घण्टे तक इंतेज़ार भी करना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र में कोई महिला डॉक्टर न होने न चलते यह देर हो रही थी ऐसे में एस.पी. यशवीर सिंह को स्वयं आना पड़ा और उनके आते ही सी.एम.ओ. आर एस ठाकुर भी आ पहुचे। जैसे तैसे मेडिकल चेकअप हुआ। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके ऊपर आई.पी.सी. धारा 376 व पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

कहा ये भी जा रहा है कि लड़की के परिवार में एक महिला ने प्रशासन की इस लापरवाही व देरी के चलते खुद को आग भी लगाने की कोशिश की। पुलिस ने उल्टा उसके घर के एक व्यक्ति को थाने में काफी देर तक बैठाए रखा। कुछ ही दिन पहले जिले के डी.एम. चंद्र विजय सिंह अस्पताल के दौरे पर भी गए थे और लोगों को निर्देश भी देकर आये थे।

घटनाऐं होती रहती हैं। सरकार व प्रशासन निर्देश जारी करते रहते हैं। मगर बदलवा रत्ती भी देखने को नही मिलता। मीडिया के थोड़ा बहुत दवाब में कार्य जल्दी हो जाता है,वरना आम आदमी के लिए न तो प्रशासन सक्रिय है न ही सरकार,वो बस उसका एक बड़ा वोटबैंक बनकर रह गयी है। सोनभद्र अपनी खूबसूरती के लिए जाता है,मगर सोन की गोद मे न जाने कितने अवैध कार्य लगातार हो रहे हैं। रोज के रोज ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। अवैध खनन हो या फिर लूटपाट की घटना,ये सब आम बात हो गयी है। योगी सरकार नारी शक्ति मिशन चला रही। महिलाओं का सम्मान कर रही। और उनके ये आला-अधिकारी सिर्फ अफसरशाही में मशगूल हैं।

रिपोर्ट- विवेक रंजन सिंह

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply